मधुबनी, 17 अप्रैल 2026:
पुलिस कार्यालय, मधुबनी में शुक्रवार को पुलिस अधीक्षक द्वारा मासिक अपराध गोष्ठी का आयोजन किया गया। इस बैठक में जिले के सभी अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, अंचल पुलिस निरीक्षक, थानाध्यक्ष समेत अन्य पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।
बैठक के दौरान पुलिस अधीक्षक ने जिले में कानून-व्यवस्था की समीक्षा करते हुए शराब बरामदगी, भूमि विवाद, परिवाद, संचित कुर्की एवं वारंट से जुड़े लंबित मामलों के शीघ्र निष्पादन पर विशेष जोर दिया। साथ ही अपराधियों की गिरफ्तारी में तेजी लाने और जिले में अपराध नियंत्रण को प्रभावी बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
पुलिस अधीक्षक ने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि गंभीर आपराधिक मामलों में त्वरित एवं सफल अनुसंधान सुनिश्चित किया जाए, साथ ही साक्ष्यों का वैज्ञानिक तरीके से संकलन किया जाए ताकि आरोपियों के खिलाफ मजबूत केस तैयार हो सके।
बैठक के अंत में जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में बेहतर कार्य करने वाले अनुसंधानकर्ताओं को सम्मानित भी किया गया। पुलिस अधीक्षक ने उत्कृष्ट कार्य के लिए कई पुलिस पदाधिकारियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान किया, जिससे अन्य कर्मियों को भी बेहतर कार्य करने के लिए प्रोत्साहन मिल सके।
इस गोष्ठी का मुख्य उद्देश्य जिले में लंबित मामलों का तेजी से निष्पादन, अपराधियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित करना और कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाना रहा।
