Saturday, April 18, 2026
No menu items!
Homeबिहारहरलाखी के कौआहा में हाई वोल्टेज ड्रामा: मोबाइल टावर पर चढ़ी युवती,...

हरलाखी के कौआहा में हाई वोल्टेज ड्रामा: मोबाइल टावर पर चढ़ी युवती, 8 घंटे बाद सुरक्षित रेस्क्यू

मधुबनी जिले के हरलाखी थाना क्षेत्र के कौआहा गांव में शनिवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब एक युवती अचानक मोबाइल टावर पर चढ़ गई। युवती को टावर पर चढ़ा देख गांव में अफरा-तफरी मच गई और देखते ही देखते मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। कई घंटों तक पूरा गांव इस घटना को लेकर दहशत और चर्चा में डूबा रहा।

घटना की सूचना मिलते ही हरलाखी थाना पुलिस, स्थानीय प्रशासन और अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। युवती को सुरक्षित नीचे उतारने के लिए रेस्क्यू अभियान शुरू किया गया। पुलिसकर्मियों और ग्रामीणों ने लगातार युवती को समझाने की कोशिश की, लेकिन वह नीचे आने को तैयार नहीं हुई। इसके बाद काफी सावधानी के साथ चलाए गए रेस्क्यू ऑपरेशन में करीब आठ घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद टीम को सफलता मिली और युवती को सुरक्षित नीचे उतार लिया गया।

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक युवती नेपाल की रहने वाली बताई जा रही है। वह अपनी मौसी की शादी में शामिल होने के लिए कौआहा गांव आई हुई थी। परिजनों ने बताया कि सुबह घर से रोने की आवाज सुनाई दी थी। जब परिवार के लोग बाहर निकले तो देखा कि युवती मोबाइल टावर पर चढ़ चुकी थी। परिजन और स्थानीय लोग लगातार उसे नीचे आने की अपील करते रहे, लेकिन उसने किसी की बात नहीं मानी।

युवती को सुरक्षित नीचे उतारने के बाद पुलिस ने उसे तुरंत इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उसका उपचार जारी है। फिलहाल उसकी स्थिति सामान्य बताई जा रही है।

पुलिस का कहना है कि मामला प्रथम दृष्टया प्रेम प्रसंग से जुड़ा हुआ प्रतीत हो रहा है, हालांकि घटना के पीछे की वास्तविक वजह क्या है, इसका पता लगाने के लिए जांच की जा रही है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार युवती के पूरी तरह स्वस्थ होने के बाद उससे पूछताछ कर पूरे मामले की सच्चाई सामने लाई जाएगी।
इस घटना के बाद पूरे इलाके में दिनभर कौतूहल का माहौल बना रहा और कौआहा गांव में यह मामला चर्चा का विषय बना रहा।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

अभी अभी

लोकप्रिय खबर