डीएम आनंद शर्मा के साथ अभद्र व्यवहार को भी बताया दुर्भाग्यपूर्ण, बोले- विरोध हो, लेकिन मर्यादा के दायरे में
मधुबनी। जिले के बाबूबरही प्रखंड अंतर्गत बलिराजगढ़ में हुई गोलीबारी की घटना को लेकर काज़ी शरीअत मुफ्ती मुहम्मद इमदादुल्लाह कासमी ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने इस घटना को बेहद दुखद, निंदनीय और कानून व मानवता के खिलाफ बताते हुए आरोपी एएसआई की तत्काल गिरफ्तारी और उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
मुफ्ती इमदादुल्लाह कासमी ने कहा कि एक पुलिसकर्मी द्वारा कथित रूप से की गई ऐसी गंभीर हरकत किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जा सकती। दोषी को उसके अपराध के अनुसार कड़ी से कड़ी सजा मिलनी चाहिए, ताकि कानून का सम्मान बना रहे और आम लोगों का प्रशासन पर भरोसा कायम रहे।
डीएम आनंद शर्मा के साथ दुर्व्यवहार पर भी जताई नाराजगी
बलिराजगढ़ की घटना के विरोध में प्रदर्शन के दौरान जिलाधिकारी आनंद शर्मा के साथ कथित अभद्र व्यवहार पर भी मुफ्ती इमदादुल्लाह कासमी ने नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि पीड़ित परिवार का दुख और आक्रोश पूरी तरह जायज है, लेकिन विरोध के नाम पर किसी के साथ अपमानजनक व्यवहार करना और अभद्र भाषा का इस्तेमाल करना उचित नहीं है।
उन्होंने कहा कि जिलाधिकारी आनंद शर्मा तनावपूर्ण माहौल के बीच खुद धरना स्थल पर पहुंचे, पीड़ित परिवार से मुलाकात की, उनकी बातें सुनीं और न्याय के साथ हरसंभव मदद का भरोसा दिया। ऐसे में उनके साथ अमर्यादित व्यवहार दुर्भाग्यपूर्ण है।
शांतिपूर्ण तरीके से हो न्याय की मांग
मुफ्ती इमदादुल्लाह कासमी ने जिलाधिकारी आनंद शर्मा के इस संवेदनशील और जिम्मेदार कदम की सराहना की। साथ ही लोगों से अपील की कि न्याय की लड़ाई जरूर लड़ें, लेकिन शांतिपूर्ण, मर्यादित और संवैधानिक तरीके से।
उन्होंने कहा कि दोषी को सजा दिलाना, पीड़ित परिवार को न्याय दिलाना और समाज में शांति व भाईचारा बनाए रखना हम सभी की जिम्मेदारी है।
