महिलाओं के सम्मान और सुरक्षा को लेकर समाहरणालय के सामने हंगामा, कांग्रेस सांसद से जुड़े प्रकरण पर उठाए सवाल
मधुबनी: महिलाओं के सम्मान और सुरक्षा के मुद्दे पर मधुबनी में भाजपा महिला मोर्चा ने हुंकार भरी। सोमवार को जिला समाहरणालय के सामने ‘नारी शक्ति हुंकार आंदोलन’ के तहत कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन कर कांग्रेस सांसद डॉ. आंगोमचा बिमोल अकोइजाम से जुड़े प्रकरण पर अपना आक्रोश जताया।
डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा के समक्ष आयोजित इस प्रदर्शन की अध्यक्षता भाजपा महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष प्रतिमा रंजन ने की, जबकि संचालन जिला उपाध्यक्ष राधा देवी ने किया।
प्रतिमा रंजन ने उठाए सवाल
भाजपा महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष प्रतिमा रंजन ने कहा कि प्रदेश नेतृत्व के निर्देश पर यह आंदोलन आयोजित किया गया है। उन्होंने जेएनयू में 11 छात्राओं से जुड़े कथित यौन उत्पीड़न के मामले का उल्लेख करते हुए महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा और न्याय के प्रति जवाबदेही की मांग की।
प्रदर्शन में शामिल भाजपा नेताओं ने राहुल गांधी और कांग्रेस की महिला सुरक्षा को लेकर कही जाने वाली बातों पर सवाल उठाए। नेताओं का कहना था कि महिलाओं के सम्मान और सुरक्षा के मुद्दे पर राजनीतिक दलों को अपने सिद्धांतों के अनुरूप जवाबदेही भी सुनिश्चित करनी चाहिए।
महिला मोर्चा के आंदोलन में जुटे भाजपा नेता और कार्यकर्ता
प्रदर्शन में डॉ. किरण कुमारी झा, मनीता चौधरी, रीना सर्राफ, मीना देवी, चंदेश्वरी देवी, सीमा शाही, सुनीता देवी और बबीता देवी सहित कई महिला कार्यकर्ता मौजूद रहीं।
इसके अलावा देवेंद्र कुमार यादव, प्रमोद सिंह, सुबोध चौधरी, मनोज कुमार मुन्ना, पवन साह, चंद्र वीर यादव, चंदन पासवान, वीरेंद्र मेहता, कन्हैया साह, सतीश कुमार, मनीष करण, विजय पासवान, मनीष रंजन, गगन भगत, ध्रुव नारायण त्रिपाठी और महेश कुमार सहित अन्य भाजपा नेता व कार्यकर्ता शामिल हुए।
महिला मोर्चा ने इस आंदोलन के जरिए महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा और न्याय के मुद्दे को प्रमुखता से उठाया।
