दरभंगा। प्रतिभा किसी एक जाति, वर्ग या क्षेत्र की नहीं होती, बल्कि यह पूरे समाज की धरोहर है। इसी संदेश के साथ राष्ट्रीय वैश्य सूड़ी समाज, दरभंगा की ओर से रविवार को ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय, दरभंगा के जुबली हॉल में सर्वजातीय प्रतिभा सम्मान समारोह का आयोजन किया गया।
समारोह में मधुबनी राष्ट्रीय वैश्य सूड़ी समाज के प्रतिनिधियों ने भी हिस्सा लिया और विभिन्न क्षेत्रों में बेहतर प्रदर्शन करने वाली प्रतिभाओं का उत्साहवर्धन किया। कार्यक्रम में राष्ट्रीय वैश्य सूड़ी समाज के अध्यक्ष विष्णु कुमार राउत, मनोज कुमार मुन्ना, दीप्ति राउत, नागेन्द्र राउत, अमरेन्द्र मंडल, रूपेश राउत, राजेश खर्गा सहित कई लोग मौजूद रहे।
इस अवसर पर प्रतिभाशाली बच्चों को प्रोत्साहित करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई। कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि बच्चों ने अपनी मेहनत, लगन और प्रतिभा के दम पर अपने परिवार, समाज और राष्ट्र का मान बढ़ाया है।
भाजपा जिला मीडिया प्रभारी मनोज कुमार मुन्ना और भाजपा जिला मंत्री दीप्ति राउत ने कहा कि प्रतिभा किसी जाति या समुदाय की सीमा में बंधी नहीं होती। जब किसी बच्चे की सफलता का सम्मान पूरा समाज करता है, तो इससे दूसरे बच्चों को भी आगे बढ़ने Arya बेहतर करने की प्रेरणा मिलती है।
उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन प्रतिभाओं को पहचान देने के साथ-साथ समाज में सकारात्मक सोच और आपसी सौहार्द को भी मजबूत करते हैं।
कार्यक्रम के अंत में राष्ट्रीय वैश्य सूड़ी समाज, दरभंगा के सभी सम्मानित सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त किया गया और प्रतिभागियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।
