Wednesday, May 20, 2026
No menu items!
Homeबिहारलिलजा चौक पर युवक को कट्टा दिखाकर धमकाने वाला गिरफ्तार, पुलिस ने...

लिलजा चौक पर युवक को कट्टा दिखाकर धमकाने वाला गिरफ्तार, पुलिस ने अवैध हथियार किया बरामद

 

मधुबनी, 19 मई 2026:

मधुबनी जिले के भेजा थाना क्षेत्र में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अवैध देशी कट्टा के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है। घटना लिलजा चौक (पिलर संख्या-45) के पास की बताई जा रही है, जहां आपसी विवाद के दौरान आरोपी ने एक युवक पर हथियार तानकर जान से मारने की धमकी दी।

पुलिस अधीक्षक कार्यालय से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, घटना 18 मई 2026 की सुबह करीब 10:40 बजे की है। बताया गया कि दो युवक एक व्यक्ति के साथ गाली-गलौज और मारपीट कर रहे थे। इसी दौरान आरोपी रोहित कुमार उर्फ सूर्या ने पीड़ित पर देशी कट्टा तान दिया और जान से मारने की धमकी देने लगा।
पीड़ित के शोर मचाने पर आसपास के लोग मौके पर जुट गए और आरोपी रोहित कुमार को हथियार के साथ पकड़ लिया। हालांकि उसका साथी संतोष कुमार मोटरसाइकिल से फरार होने में सफल रहा। स्थानीय लोगों द्वारा इसकी सूचना तुरंत भेजा थाना पुलिस को दी गई।

सूचना मिलते ही भेजा थाना की पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में आरोपी के पास से अवैध देशी कट्टा बरामद कर उसे हिरासत में ले लिया। इसके बाद आरोपी को थाना लाया गया और पीड़ित के आवेदन के आधार पर सुसंगत धाराओं में मामला दर्ज किया गया।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान रोहित कुमार उर्फ सूर्या, पिता महावीर मुखिया, निवासी देवका, थाना नवहट्टा, जिला सहरसा के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके पास से एक देशी कट्टा बरामद किया है।

फरार आरोपी संतोष कुमार की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है। पुलिस का कहना है कि मामले की सभी बिंदुओं पर गहन जांच की जा रही है तथा गिरफ्तार अभियुक्त को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया पूरी की जा रही है।

मधुबनी पुलिस ने कहा है कि जिले में अपराध और अवैध हथियारों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा तथा आम लोगों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

अभी अभी

लोकप्रिय खबर