मधुबनी, 18 मई 2026।
राष्ट्रीय गीत “जन गण मन अधिनायक जय हे, भारत भाग्य विधाता” के साथ मधुबनी जिला भाजपा का दो दिवसीय पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण वर्ग-2026 सोमवार को संपन्न हो गया। प्रशिक्षण शिविर का आयोजन भाजपा जिला अध्यक्ष प्रभाशूं झा की अध्यक्षता एवं ओबीसी मोर्चा जिला अध्यक्ष अजय भगत के संचालन में किया गया।
प्रशिक्षण शिविर में कुल 11 विषयों पर भाजपा कार्यकर्ताओं एवं पदाधिकारियों को विस्तृत प्रशिक्षण दिया गया। संध्या सत्र को संबोधित करते हुए भाजपा संगठन महामंत्री भीखू भाई दल सानिया ने भाजपा कार्यकर्ताओं के विकास, आचरण एवं संगठनात्मक अपेक्षाओं पर विस्तार से चर्चा की। वहीं रात्रि सत्र में प्रदेश सह मुख्यालय प्रभारी दिलीप मिश्रा ने संगठन के स्थायी कार्यक्रम, बूथ प्रबंधन, मन की बात और आईटी सेल की भूमिका पर प्रशिक्षण दिया।
सोमवार सुबह आयोजित सत्र में संघ विचारक अरविंद यादव ने “हमारा इतिहास और विकास” विषय पर चर्चा करते हुए कहा कि भाजपा का इतिहास देश के इतिहास से जुड़ा हुआ है तथा पार्टी का संगठन कार्यकर्ताओं की मेहनत और समर्पण पर आधारित है।
पूर्व सांसद डॉ. हुक्म देव नारायण यादव ने व्यावहारिक सत्र को संबोधित करते हुए समाज के सभी वर्गों को साथ लेकर समरस समाज के निर्माण पर बल दिया। वहीं विधान परिषद सदस्य घनश्याम ठाकुर ने कार्यपद्धति की योजनाबद्ध तैयारी एवं गांव-गांव प्रवास कर संगठन को मजबूत बनाने की आवश्यकता पर जोर दिया।
समापन सत्र में पूर्व विधायक रामप्रीत पासवान, जिला प्रभारी अर्जुन सहनी सहित कई वरिष्ठ नेताओं एवं पदाधिकारियों ने भाग लिया। कार्यक्रम में जिला पदाधिकारी, मंच-मोर्चा के अध्यक्ष, मंडल अध्यक्ष, महामंत्री एवं बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
